Defence Minister Rajnath Singh की China को दो टूक: “संबंधों में नई जटिलताएं न जोड़ें”

Bhiju Nath

SCO सम्मेलन में चीनी समकक्ष से मुलाकात

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने शंघाई सहयोग संगठन (SCO) सम्मेलन के दौरान चीन के रक्षा मंत्री एडमिरल डोंग जुन से मुलाकात की और द्विपक्षीय संबंधों में “सकारात्मक रुख बनाए रखने” का आह्वान किया। इस बातचीत का मकसद था — सीमा पर तनाव के बाद दोनों देशों के बीच विश्वास बहाली को आगे बढ़ाना और रिश्तों में नई जटिलताओं से बचना।

बातचीत रही ‘रचनात्मक और भविष्य की ओर’

राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए लिखा, “क़िंगदाओ में SCO रक्षा मंत्रियों की बैठक के दौरान चीन के रक्षा मंत्री एडमिरल डोंग जुन से बातचीत हुई। हमने द्विपक्षीय संबंधों पर रचनात्मक और भविष्य-दृष्टि से बातचीत की।”

कैलाश मानसरोवर यात्रा फिर शुरू होने पर प्रसन्नता

राजनाथ सिंह ने 6 साल बाद कैलाश मानसरोवर यात्रा फिर से शुरू होने पर खुशी जताई। यात्रा 2020 में पहले कोविड-19 और फिर भारत-चीन सीमा विवाद की वजह से रोक दी गई थी। यात्रा का पुनः आरंभ दोनों देशों के बीच एक सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।

“भारत टकराव नहीं चाहता” – राजनाथ सिंह का स्पष्ट संदेश

बैठक के दौरान राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत चीन से टकराव नहीं चाहता, बल्कि मतभेदों को शांतिपूर्वक सुलझाकर आपसी विश्वास बढ़ाने और संबंधों को स्थिर रूप से आगे बढ़ाने का इच्छुक है। चीन की ओर से जारी बयान के मुताबिक, दोनों पक्षों ने सीमा विवाद को बातचीत से सुलझाने की इच्छा भी जताई।

पृष्ठभूमि: लद्दाख में तनाव और संबंधों की ठंडक

पूर्वी लद्दाख में मई 2020 से चल रहे सैन्य गतिरोध और जून 2020 में गलवान घाटी में हुई झड़पों के बाद भारत-चीन संबंधों में भारी गिरावट आई थी। अब दोनों देश संबंधों में नई जान डालने की कोशिश कर रहे हैं और रक्षामंत्री की यह यात्रा उसी दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।